राष्ट्रीय युवा दिवस पर एसपी दीपक सहारन का संदेश — “नशा एक जहर है, आने वाली पीढ़ी को इससे बचाना होगा”

सिरसा/ऐलनाबाद, 12 जनवरी (एम पी भार्गव)।चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर “राष्ट्रीय युवा दिवस” का आयोजन विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के खिलाफ सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद का विश्वास था कि यदि युवाओं में अनुशासन और आत्मबल हो तो नए भारत का निर्माण निश्चित है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और किसी भी राष्ट्र की प्रगति युवाओं की सोच और कार्यक्षमता पर निर्भर करती है।

एसपी दीपक सहारन ने नशे को समाज की सबसे बड़ी बुराइयों में से एक बताते हुए कहा कि नशा एक जहर है, जो न केवल व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करता है बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण व्यक्ति शारीरिक और मानसिक संतुलन खो देता है, जिससे उसका सामाजिक और आर्थिक जीवन भी प्रभावित होता है। उन्होंने विशेष रूप से हेरोइन (चिट्टा), स्मैक, मेडिकल दवाइयों और सिरिंज के दुरुपयोग से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और कहा कि इनसे अनेक बीमारियां होती हैं तथा असमय मृत्यु का खतरा बना रहता है।

उन्होंने कहा कि नशा अपराधों की जड़ है, जिससे समाज में अराजकता फैलती है। नशे की लत व्यक्ति को अपराध की ओर धकेल देती है और परिवार में कलह व असंतोष बढ़ता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन को स्वस्थ और सफल बनाना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही अपने आसपास नशा बिकने देंगे, बल्कि दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में है और उससे बाहर निकलना चाहता है, तो वह निसंकोच पुलिस प्रशासन से सहायता ले सकता है। नशे से पीड़ित युवाओं का इलाज कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटाना पुलिस की प्राथमिकता है।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम से प्रेरित होकर कई युवा नशा छोड़ने के लिए आगे आए हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “स्वदेशी संकल्प दौड़” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, लेक्चरर, स्टाफ सदस्यों, छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे नशा बेचने वालों की सूचना बिना भय के ड्रग्स हेल्पलाइन नंबर 88140-56100 और 88140-11620 पर व्हाट्सएप, एसएमएस या कॉल के माध्यम से पुलिस को दें, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें शिक्षा, खेलकूद व सामाजिक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस शिवम, सीडीएलयू के प्रोफेसर, लेक्चरर, अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसहयोग से सिरसा को नशा मुक्त बनाना ही पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.