ऐलनाबाद, 25 जनवरी (एम. पी. भार्गव)।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर माय भारत केंद्र, सिरसा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा रविवार को पदयात्रा एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शहीद भगत सिंह खेल परिसर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में जिला खेल कार्यालय का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी धनपत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त बन सके।
इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई तथा मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। शपथ के पश्चात मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। पदयात्रा के दौरान लोकतंत्र, मतदान एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में कोच खजान सिंह एवं कोच हरविंदर सिंह की भी विशेष उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से युवाओं में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
khabre junction
