मानपुर नगरिया में महाशिवरात्रि पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, भक्तों ने किया जलाभिषेक

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद्र ,कासगंज

मानपुर नगरिया। महाशिवरात्रि का पावन पर्व क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व हर वर्ष फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु व्रत रखकर गंगा स्नान करते हैं और गंगाजल लाकर शिवलिंग पर अर्पित करते हैं।

महाशिवरात्रि के अवसर पर भोलेनाथ के भक्त कछला घाट से गंगा स्नान कर गंगाजल की गंगाजली भरकर मानपुर नगरिया स्थित विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मानपुर नगरिया पुलिस चौकी के पास स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जहां पूरा वातावरण शिवभक्ति में सराबोर नजर आया।

वहीं दुर्गा माता मंदिर और काली माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प, दूध और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगी। मंदिरों में प्रसाद वितरण किया गया और जगह-जगह भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया।

पूरे क्षेत्र में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हर ओर भक्तों के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर मानपुर नगरिया क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की आराधना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.