शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी : जिलाधिकारी

सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं फरियादियों की समस्याएं, चकरोड को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश

  • रिपोर्ट : शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील स्वार के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 21 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, विद्युत, पुलिस, भूमि पैमाइश, आवास तथा राशन कार्ड से संबंधित मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान एक शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत अलीनगर जागीर और ग्राम पंचायत रसूलपुर फरीदपुर में चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निरीक्षण करने तथा चकरोड को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी देना भी सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस के दौरान खतौनी में नाम सही कराने के लिए आए लोगों को जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही खतौनी की नकल उपलब्ध कराई गई, जिससे फरियादियों को त्वरित राहत मिली।

इसी क्रम में तहसील टाण्डा में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील मिलक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

इसके अतिरिक्त तहसील बिलासपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण किया गया। तहसील शाहबाद में आयोजित समाधान दिवस में कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.