एटा, 18 फरवरी 2026। मानव सेवा और प्रकृति संरक्षण के पावन संकल्प के साथ संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का भव्य शुभारंभ रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार देशभर में एक साथ किया जाएगा।
इसी क्रम में निरंकारी मिशन की एटा शाखा द्वारा आगरा रोड स्थित हजारा नहर पर विशेष सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का नेतृत्व संगत इंचार्ज सेवा राम एवं सेवादल इंचार्ज प्रेम चन्द्र करेंगे, जिसमें सैकड़ों निरंकारी श्रद्धालु भाग लेकर जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देंगे।
संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय जोगिंदर सुखीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशाल अभियान देशभर में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इस व्यापक आयोजन से जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा और इसे ऐतिहासिक स्वरूप मिलेगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को यह समझाना है कि जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणादायक शिक्षाओं से प्रेरित होकर वर्ष 2023 में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की थी।
यह अभियान नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित एक जनआंदोलन बन चुका है। इसके पहले तीन चरणों में सेवा, समर्पण और जनसहभागिता की मिसाल देखने को मिली है। चौथे चरण में इस अभियान को और अधिक व्यापक, संगठित और प्रभावशाली बनाया जा रहा है, जिससे समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और सहभागिता को मजबूती मिले।
अभियान के दौरान गीत-संगीत, सामूहिक गान, जागरूकता संगोष्ठियों और सोशल मीडिया के माध्यम से जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जनचेतना फैलाई जाएगी। मिशन का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि स्वच्छ जल से ही स्वच्छ मन और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश है कि इस धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए और अधिक स्वच्छ, सुंदर और संतुलित बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है, जो समाज को प्रकृति संरक्षण और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
khabre junction
