ऐलनाबाद/सिरसा, (एम. पी. भार्गव): राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के निदेशक व एएसआईओ अनुज महाजन तथा गुरप्रीत लहल ने गुरुवार को जिला सिरसा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त शांतनु शर्मा से मुलाकात कर केंद्र व राज्य सरकार की चल रही और प्रस्तावित आईटी परियोजनाओं तथा ई-गवर्नेंस पहलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO) सिकंदर और अतिरिक्त जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (ADIO) हरीश भी मौजूद रहे। डीआईओ सिकंदर ने जिले में डिजिटल पहलों और आईटी अवसंरचना की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
निदेशक अनुज महाजन ने बैठक में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी ईमेल आईडी के अनिवार्य उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया ताकि आधिकारिक संचार सुरक्षित और विश्वसनीय हो।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी ई-गवर्नेंस को नई शक्ति दे रही है, जिससे नागरिक सेवाओं तक पहुंच सरल और पारदर्शी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आईटी तंत्र को और सशक्त बनाएं, जिससे भविष्य की डिजिटल जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
