मोदीनगर। प्रतिमा खंडन को लेकर नगर में फैली अफवाहों पर विराम लगाते हुए नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद वैशाली ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रतिमा को किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा नुकसान नहीं पहुंचाया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने अपने बयान में बताया कि प्रतिमा बंदरों द्वारा क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते वह खंडित अवस्था में पाई गई। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर कुछ भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो रही थीं, जिससे लोगों में गलतफहमी पैदा हो रही थी।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एवं जनआस्था को ध्यान में रखते हुए खंडित प्रतिमा को तत्काल हटवा दिया गया है और अब उसी स्थान पर एक नई पक्की प्रतिमा का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की कोई स्थिति उत्पन्न न हो।
नगर पालिका प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि नगर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है।
