लखीसराय में नई एसपी का सख्त रुख, पद संभालते ही अपराध नियंत्रण पर फोकस

रामनवमी को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस,एसपी ने जारी किए दिशा निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय जिले की नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने पदभार संभालते ही अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उन्होंने अपने स्तर से त्वरित पहल शुरू कर दी है।इसी क्रम में एसपी ने सबसे पहले सभी पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अपर थानाध्यक्ष की उपस्थिति में मासिक अपराध-गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक में लंबित कांडों के अनुसंधान, विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समीक्षा की गई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को कांडों के त्वरित निष्पादन और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।आगामी पर्व ‘रामनवमी’ को लेकर भी एसपी ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, गश्ती बढ़ाने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार,लाइन डीएसपी रतन लाल ठाकुर,यातायात थानाध्यक्ष अमित कुमार,कबैया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार, टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार, सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जिले के सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.