रामपुर, सभी स्थानीय निकाय क्षेत्रों में प्रातः काल के साथ-साथ रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि आबादी क्षेत्र के साथ-साथ घने बाजारों में भी सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए जा सके और आमजन को एक बेहतर माहौल मिल सके। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने जिले की सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान नगर पालिका एवं नगर पंचायत में उपलब्ध संसाधनों, सफाई व्यवस्था और कर संग्रह की स्थिति के बारे में विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर पंचायत की यह जिम्मेदारी है कि वह उनके क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराएं, इसके लिए सभी सफाई कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुरूप निर्धारित क्षेत्र में सफाई के लिए तैनात करें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सफाई सहित विभिन्न प्रयोजनों के लिए जो भी संसाधन मौजूद हैं उनका भरपूर उपयोग किया जाए साथ ही इन संसाधनों की देखरेख के लिए भी प्रबंध होने चाहिए ताकि लंबे समय तक उनकी उपयोगिता संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नगर पालिका और नगर पंचायत में एक बड़ा और आकर्षक पार्क विकसित किया जाए जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने।
नगर पालिका और नगर पंचायतों में विभिन्न प्रकार के करों की वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कर संग्रह के दायरे को बढ़ाया जाए ताकि राजस्व में बढ़ोतरी हो सके और लोगों के लिए सुविधाओं को और अधिक बढ़ाया जा सके।
