पीएम-श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

ऐलनाबाद,सिरसा, 1मार्च(एम पी भार्गव): पीएम-श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
विद्यालय की प्रातः कालीन सभा में शिक्षिका मीनू जुनेजा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा में निरंतर अध्ययन और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी के मूल्यांकन हेतु तीन विशिष्ट निर्णायकों को आमंत्रित किया गया, जिनमें खंड शिक्षा अधिकारी, बड़ागुढ़ा कुलदीप कौर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ा प्राचार्य विक्रमाजीत तथा नुहियावाली पब्लिक स्कूल के संचालक वकील गोदारा शामिल थे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना की, विशेष रूप से अटल टिंकरिंग लैब में तैयार किए गए मॉडलों को अत्यंत प्रशंसनीय बताया। इन मॉडलों को अटल टिंकरिंग लैब की शिक्षिका कुमारी सिमरन तथा विद्यालय के भौतिकी के स्नातकोत्तर शिक्षक संदीप के मार्गदर्शन में बनाया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने पर्यावरण, जीव विज्ञान और कृषि विज्ञान विषयों पर आधारित मॉडल भी प्रस्तुत किए, जिन्हें विज्ञान शिक्षक गौतम, जूली तथा कृषि विज्ञान की शिक्षिका अंकिता वर्मा के निर्देशन में तैयार किया गया था।
इस विज्ञान प्रदर्शनी को देखने के लिए माता हरकी देवी एमएम मेमोरियल स्कूल, ओढ़ा तथा नुहियावाली पब्लिक स्कूल, नुहियावाली के छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया था। इस दौरान प्राचार्य ललित कालड़ा, उपप्राचार्य नवीन लाम्बा तथा मीनू जुनेजा सहित स्टाफ सदस्य व विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.