सिरसा, 12 मार्च ( एम पी भार्गव ) राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बुधवार को इस वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन पर्मानेन्ट लोक अदालत (पब्लिक यूटिलिटी सर्विसेज) सिरसा में किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि पर्मानेन्ट लोक अदालत (पब्लिक यूटिलिटी सर्विसेज) के चेयरमैन हरचरन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत में सदस्य पवन सुथार तथा सरोज सोनी भी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में कुल 329 मामलों को रखा गया था, जिनमें से 296 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इन मामलों के निपटारे के दौरान कुल 21,68,568 रुपये की राशि का समझौता कराया गया।
लोक अदालत में मुख्य रूप से बैंक रिकवरी, बीएसएनएल तथा अन्य सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। उन्होंने बताया गया कि लोक अदालत की प्रक्रिया बेहद सरल और सहज होती है, जिसमें दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामलों का समाधान किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
