मोदीनगर। नगर पालिका परिषद मोदीनगर द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायी पहल की गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स और कांवड़ियों (भोलों) के साथ मिलकर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने स्वयं पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
यातायात व्यवस्था में भी निभा रहे अहम भूमिका
35 यूपी वाहिनी एनसीसी, डॉ. के.एन. मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज मोदीनगर के कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी प्रवीण जैनर व लेफ्टिनेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में न केवल कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियंत्रण में प्रशासन का सहयोग किया, बल्कि कांवड़ियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर पौधे भी लगाए।
जनप्रतिनिधियों और अफसरों की उपस्थिति
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली, सभासद आदित्य चौधरी, अंकुर चौधरी, ललित मित्तल, पूर्व कार्यालय अधीक्षक कुंज बिहारी वशिष्ठ तथा एनसीसी अधिकारी प्रवीण जैनर उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स और कांवड़ियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण को संरक्षित रखने की प्रेरणा दी।
पांच वर्षों से जारी है पर्यावरण सेवा
विदित हो कि एनसीसी कैडेट्स बीते पाँच वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पालिका परिषद के साथ मिलकर पौधारोपण कर रहे हैं और जनजागरण अभियान चला रहे हैं, ताकि भोले अपने-अपने गंतव्य स्थानों पर जाकर पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करें।
कैडेट्स की अनुशासन और निष्ठा की सराहना
यात्रा मार्ग पर 65 एनसीसी कैडेट्स विभिन्न चौराहों पर तैनात रहकर स्वेच्छा से ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा का कार्य कर रहे हैं। इनकी निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना की न केवल आम नागरिकों ने बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों ने भी खुले दिल से सराहना की।
राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा
कार्यक्रम में प्रवीण जैनर ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने और अच्छे नागरिक बनने की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह युवा शक्ति भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।
विशेष योगदान देने वाले प्रतिभागी
इस अवसर पर डीपी शर्मा, संजय शर्मा, राजेश कुमार समेत एनसीसी कैडेट्स कार्तिक, लक्ष्य, वंश, प्रिंस, दीपांशु, राहुल, शिवा, मोहित, आयुष्मान, अंकित, समीर मालिक, संदीप, यस बैसोया, ध्रुव चौधरी, साजिद आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह आयोजन पर्यावरण, समाज और राष्ट्र सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है, जो आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
