लखीसराय(सरफराज आलम) जिले के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं सह-थानाध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान लंबित कांडों के अनुसंधान, विधि-व्यवस्था संधारण तथा अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समीक्षा की गई।
गोष्ठी में एसपी अवधेश दीक्षित ने अनुसंधान कार्य में तेजी लाने, संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों पर निगरानी मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
आगामी पर्व महाशिवरात्रि को लेकर एसपी ने सभी थानों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। लखीसराय पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
khabre junction
