मोदीनगर: दिल्ली-मेरठ मार्ग पर डिवाइडर के बढ़े पौधों से वाहन चालकों को परेशानी, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
मोदीनगर न्यूज़ (Modinagar News) – दिल्ली-मेरठ मार्ग (Delhi Meerut Road) पर एनसीआरटीसी रेलवे ट्रैक निर्माण के दौरान बनाए गए डिवाइडर पर विभाग की ओर से सौंदर्यकरण के लिए पौधारोपण किया गया था। अब ये पौधे काफी बड़े होकर सड़क के दोनों ओर फैल गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी उन स्थानों पर आ रही है जहां डिवाइडर में कट बने हैं। इन जगहों पर पौधों के फैलाव की वजह से दुपहिया वाहन चालकों को अपने वाहन मोड़ते समय सामने से आती गाड़ियां स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देतीं। नतीजतन कई बार सड़क पर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली से लेकर देवेंद्र पुरी और महेंद्र पुरी गेट तक की सड़क पर यह समस्या सबसे अधिक है।
जनहित में मांग
नागरिकों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि अनावश्यक रूप से फैले हुए पौधों की कटाई कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।
