मोबाइल यूजर्स अपने फोन का अच्छे से रख-रखाव करें, तथा अपना फोन दूसरे व्यक्ति को न सौंपे: एसपी दीपक सहारन
सिरसा पुलिस की मोबाइल युजर्स को सौगात: लाखों रुपए के 23 गुमशुदा मोबाइल फोन लौटाकर,यूजर्स के चेहरों पर लौटाई मुस्कान: एसपी
ऐलनाबाद सिरसा 5 जनवरी( एम पी भार्गव ) पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में साइबर सेल सिरसा की पुलिस टीम ने नव वर्ष 2026 के अवसर पर दिसंबर माह के दौरान ट्रैस किए गए 23 गुम व चोरीशुदा मोबाइल फोन ढुंढकर उनके असल मालिकों को सुरक्षित सौंपे । इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है ।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर यूजर्स के चेहरों पर खुशी और मुस्कान लौट आई । इस अवसर पर एसपी दीपक सहारन ने मोबाइल यूजर्स को कार्यालय में बुलाकर उनसे मुलाकात कर उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और असल मालिकों को उनके मोबाइल फोन लौटाते हुए कहा कि सिरसा पुलिस का मूल उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस व नागरिकों के बीच विश्वास को और मजबूत करना है । उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीक के प्रभावी उपयोग और साइबर सेल की पुलिस टीमों कड़ी मेहनत के बलबूते पर ही गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा पाई है ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर सेल टीम के इंचार्ज सुनील कुमार व उनकी पूरी टीम ने कड़ी मेहनत,तकनीकी दक्षता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए और उन्हें सही हाथों तक पहुंचाया । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि आपका मोबाइल फोन चोरी हो गया है या गुम हो गया है, तो घबराएं नहीं तुरंत मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने के लिए CEIR पोर्टल पर शिकायत कर सकते है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल आपकी मदद के लिए एक प्रभावशाली ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है ।
यह केंद्रीकृत प्रणाली गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में सहायक है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सके । सबसे पहले, अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराएं और उसकी कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें । इसके बाद आप ceir.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर “Block Your Lost/Stolen Mobile” यानी “अपने खोए / चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करें” का विकल्प चुनें । इसके बाद एक फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपको अपना मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, मोबाइल का ब्रांड और मॉडल, खोने की तारीख और स्थान, गुमशुदगी नंबर, और पहचान पत्र जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही मोबाइल की खरीद की रसीद (इनवॉइस) और गुमशुदगी की कॉपी जैसे दस्तावेज़ भी अपलोड करने होंगे ।
सभी जानकारी भरने और दस्तावेज़ अपलोड करने के बाद फॉर्म को सबमिट करें। सबमिट करने के बाद आपको एक Request ID प्राप्त होगी, जिसकी मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं। जिला की साइबर सेल पुलिस टीम जहां अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभा रहा है,वहीं जिला की साइबर सेल की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जूटा कर आमजन के गुम हुए 23 मोबाइल फोन को ढूंढ कर सराहनीय कार्य किया है ।
