रावी दरिया के बांधों का विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने लिया जायजा
बाढ़ से क्षतिग्रस्त धुसी बांधों को मजबूत करने के अधिकारियों को निर्देशअजनाला हलके में पिछली बाढ़ के दौरान 23 बांध टूटे थे – धालीवाल
अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र रमदास में रावी दरिया में पिछले समय के दौरान आई भीषण बाढ़ से टूटे धुसी बांधों का आज अजनाला हलके के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर मौके पर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त बांधों की मौजूदा स्थिति की जांच की और अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत और मजबूती का काम शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पिछले समय में रावी दरिया में आई भीषण बाढ़ के कारण अजनाला हलके के अंदर करीब 23 बांध टूट गए थे, जिससे सीमावर्ती गांवों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए इन क्षतिग्रस्त बांधों को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
धालीवाल ने बताया कि आज विभिन्न स्थानों पर टूटे और कमजोर हो चुके बांधों का निरीक्षण किया गया है और इसका पूरा अनुमान (एस्टिमेट) तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार से मंजूरी मिलते ही तीन से चार महीनों के भीतर इन सभी बांधों को मजबूत कर दिया जाएगा, ताकि आने वाले समय में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
विधायक धालीवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर काम में किसी तरह की लापरवाही बरती गई और भविष्य में फिर से बांध टूटे तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
