मीरजापुर, 4 अक्टूबर 2025। शारदीय नवरात्र-2025 के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन को सशक्त बनाने के लिए “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 जनपद मीरजापुर में व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम और पुलिस अधिकारियों ने गांव-गांव और शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, कस्बों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, स्कूल-कॉलेज, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम किसान सम्मान निधि, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान भारत, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, अभ्युदय योजना, ई-हाट योजना सहित कई लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही बाल विवाह, पाक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न की रोकथाम और ऑपरेशन मुक्ति के अंतर्गत बालश्रम पर कार्रवाई के बारे में भी जागरूक किया गया। छोटे बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में सरल तरीके से समझाया गया और किसी भी समस्या पर अभिभावकों या पुलिस को अवगत कराने की सलाह दी गई।
सोशल मीडिया और डिजिटल सुरक्षा के मद्देनज़र साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट और सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर—1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) और 102 (स्वास्थ्य सेवा) आदि की जानकारी प्रदान कर जागरूकता बढ़ाई गई।
जनपद मीरजापुर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने इस अभियान के दौरान 2 मुकदमे धारा 296 बीएनएस के तहत पंजीकृत किए और 2 शोहदों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में 39 स्थानों पर जन चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
