मिर्जापुर: छानबे क्षेत्र के भटेवरा गांव में रोड न बनने से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मीरजापुर। जनपद के छानबे क्षेत्र अंतर्गत भटेवरा गांव के ग्रामीणों को वर्षों से सड़क न होने की भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासकर बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना तक दुश्वार हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार “गड्ढा मुक्त सड़क” का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनके अधिकारी “गड्ढा युक्त” सड़कें देने पर आमादा हैं। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन ब्लॉक के अधिकारी उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रहे हैं।’

ग्रामीणों के अनुसार जब भी वह अधिकारी से मिलते हैं तो उन्हें यही जवाब मिलता है कि “ऐसे लेटरपैड बहुत आते हैं, यह सड़क नहीं बन पाएगी।” यहां तक कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को भी कई बार पत्र भेजकर सड़क निर्माण की मांग की गई। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को निर्देशित भी किया, लेकिन छानबे ब्लॉक के अधिकारी उन निर्देशों की भी धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता मौर्या ने भी कई बार प्रार्थना पत्र के माध्यम से सड़क निर्माण की मांग की है, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है और अब वे आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, वरना वे उच्च स्तर पर आंदोलन करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.