- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के बरौंधा कचार में हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इलाज के लिए अस्पताल जा रहे एक ही परिवार की महिला और मासूम बच्ची की डीज़ल टैंकर से टक्कर में मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी और भतीजी इलाज के लिए बाइक से अस्पताल जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे डीज़ल टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला और मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। पीड़ित परिवार ने कटरा थाना प्रभारी पर अभद्रता और दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी नितेश सिंह मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया और जाम हटवाया।
यह हादसा न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरे दुख का कारण बन गया। फिलहाल पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
