मिर्जापुर: सिंचाई विभाग के कर्मचारियों का आजमगढ़ डीएम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, लेकिन प्रदर्शनकारियों को नहीं पता था पीड़ित कर्मचारी का नाम
मिर्जापुर। आजमगढ़ के जिलाधिकारी द्वारा सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी से कथित रूप से की गई बदसलूकी के विरोध में बुधवार को मिर्जापुर कलेक्ट्रेट पर सिंचाई विभाग के मिनिस्टीरियल एसोसिएशन ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विनय तिवारी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि जब मीडिया ने उनसे पीड़ित कर्मचारी का नाम पूछा तो वह खुद नहीं बता सके।
हालत यह रही कि जिलाध्यक्ष को दूसरे सदस्यों से पूछकर कर्मचारी का नाम बताना पड़ा। इससे यह सवाल उठता है कि जिन नेताओं को खुद ही मामले की पूरी जानकारी नहीं है, वे कर्मचारियों को कितना न्याय दिला पाएंगे?
प्रदर्शनकारियों ने डीएम आजमगढ़ पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल कई कर्मचारियों को भी घटना की पूरी जानकारी नहीं थी, जिससे आंदोलन की गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं।
