- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर। आवास विकास प्राधिकरण मिर्जापुर जिले में शहरी विस्तार की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। राजपुर धौरुपुर में चल रही कॉलोनी परियोजना के बाद अब ग्राम भोड़सर में भी आवासीय कॉलोनी विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए संबंधित विभाग ने जमीन की नाप-जोख कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
ग्राम भोड़सर, जो कि प्रस्तावित नए हाइवे से सटा हुआ है, उसे रणनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा यहां की भूमि को आवासीय विकास के लिए उपयुक्त पाया गया है।
इसके साथ ही समोगरा क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किए जाने की योजना भी तैयार की गई है। एक ओर जहां भोड़सर में आम लोगों के लिए आवासीय कॉलोनी का निर्माण होगा, वहीं समोगरा में परिवहन सुविधा को सुदृढ़ बनाने हेतु ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाएगा।
प्रमुख बिंदु:
ग्राम भोड़सर में भूमि की माप-जोख पूरी, शासन को भेजी गई रिपोर्ट।
प्रस्तावित हाईवे से सटा है क्षेत्र, आवास विकास को मिला उपयुक्त स्थान।
समोगरा में ट्रांसपोर्ट नगर और भोड़सर में आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी।
राजपुर धौरुपुर के बाद यह जिले में आवास विकास की दूसरी बड़ी परियोजना होगी।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों योजनाओं के लिए DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया और विकास कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।
(यह परियोजनाएं मिर्जापुर के नगरीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगी।)
