Mirzapur: गंगा का जलस्तर बढ़ा, एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने रात्रि में किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
बाढ़ चौकियों को किया गया अलर्ट, ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील
- संवाददाता – मंजय वर्मा
मिर्जापुर। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के आदेश व एडीएम एफआर अजय कुमार के निर्देशन में एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने बीती रात बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
एसडीएम ने अकोढ़ी, शिवपुर सहित गंगा नदी से लगे कई गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को अलर्ट रहने की सलाह दी। उन्होंने बाढ़ चौकियों पर नियुक्त सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तत्परता से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने दिए निर्देश:
सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क रहने का निर्देश
तहसीलदार, नायब तहसीलदार, वीडीओ, एडीओ पंचायत, वन विभाग, पंचायत सचिव, विद्युत विभाग, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को मौजूद रहने के आदेश
गंगा किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क किया गया
एसडीएम गुलाब चन्द्र ने कहा कि “गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और यदि यही स्थिति बनी रही तो जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच सकता है।” उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
