राजा वड़िंग के ‘गुमशुदा’ पोस्टर पर बोले मंत्री धालीवाल: “जो नेता जनता के बीच नहीं जाते, उनके पोस्टर लगना तय है”
पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लेकर लग रहे ‘गुमशुदा’ पोस्टर्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने हलके के लोगों के बीच रहकर उनके काम नहीं करते, उनके ऐसे पोस्टर लगना लाज़िमी है।
मंत्री धालीवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा, “चाहे चरणजीत सिंह चन्नी हों या राजा वड़िंग, अगर कोई नेता जनता के बीच नहीं जाएगा, उनके सुख-दुख में शामिल नहीं होगा, तो जनता सवाल जरूर उठाएगी। जो लोग अपने निर्वाचन क्षेत्र से जीतते हैं, उन्हें वहां के लोगों के साथ खड़ा रहना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि आज का जमाना बदल गया है, अब लोग सिर्फ वोट नहीं देते, बल्कि अपने प्रतिनिधि से काम भी चाहते हैं। “अगर हम भी अपने क्षेत्र में नहीं जाएंगे, लोगों का काम नहीं करेंगे, तो लोग हमारे खिलाफ भी पोस्टर लगा देंगे,” उन्होंने स्पष्ट किया।
धालीवाल ने सभी जनप्रतिनिधियों को सलाह दी कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाएं और जनता के बीच रहकर उनके काम करें। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें वोट देकर जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे निभाना उनका फर्ज है।
इस बयान के ज़रिए मंत्री धालीवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए यह संकेत दिया कि राजनीति में अब केवल चुनाव जीतना काफी नहीं, जनता की भागीदारी और सेवा ही असली नेतृत्व का प्रमाण है।
