ऐलनाबाद, 24 दिसंबर( एम पी भार्गव ) शहर में क्रिसमस डे को लेकर ईसाई समुदाय द्वारा एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई जिसमें ऐलनाबाद व साथ लगते विभिन्न गांवों की ईसाई समुदाय व विश्वासियों ने भाग लिया। शोभा यात्रा का शुभारंभ समाज के सीनियर पादरी जोज़फ मसीह, पादरी दिलबाग मसीह, पादरी प्रीतम मसीह, पादरी श्री निवासन व क्रिश्चियन वेल्फेयर सोसायटी ऐलनाबाद के प्रधान विनोद विक्टर ने किया।
शोभायात्रा में सर्वप्रथम भजन गाते हुए मंडली चल रही थी और पीछे-पीछे ईसाई समुदाय के लोग व विश्वासी लोग प्रभु यीशु का गुणगान करते हुए चल रहे थे।
शोभा यात्रा में प्रभु यीशु मसीह के जन्म को लेकर विभिन्न झांकियों का प्रदर्शन किया गया था और अनेक ट्रैक्टर ट्राॅली पर सुंदर झांकियां बनाई गई थी। यह शोभा यात्रा ऐलनाबाद के शहीद ऊधम सिंह चौक से शुरू होकर टिब्बी अड्डा चौक, देवी लाल चौक, पंचमुखी चौक, अंबेडकर चौक, नमस्ते चौक होते हुए वार्ड नंबर 5 में स्थित चर्च में पहुंच कर संपन्न हुई। इस शोभायात्रा के प्रारंभ में सभी पादरी द्वारा देश में अमन चैन व सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई और ऐलनाबाद के लोगों के उत्तर स्वास्थ्य के लिए भी प्रार्थना भी की गई। वहीं पादरी श्री निवासन द्वारा प्रभु यीशु के जन्म को लेकर लोगों को बताया गया और उनके उपदेश भी लोगों को बताए। शोभायात्रा के अंत में लंगर का आयोजन भी किया गया जिसमें समुदाय के सभी लोगों ने लंगर ग्रहण किया। इस मौके पर भारी संख्या में ईसाई समुदाय के महिला पुरूष उपस्थित थे।
