संदिग्ध हालात में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दो बच्चों से छिना मां का साया

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ रघुराज सिंह

सोनभद्र (बीजपुर)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बीजपुर के पुनर्वास टोला में रविवार की शाम एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय प्रियंका, पत्नी आशीष कुमार, किसी कारणवश मानसिक रूप से व्यथित होकर कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर झूल गईं। उस समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था, बच्चे बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान रिश्तेदारी से आई ननद जब कमरे में गई तो भाभी को फंदे से लटकता देख सन्न रह गई। शोरगुल मचने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजन आनन-फानन में प्रियंका को रिहंद धन्वंतरि अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका अनपरा के डिबुलगंज में है। प्रियंका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं—6 वर्षीय प्रिंस और 4 वर्षीय प्रियांसु। मां की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति आशीष कुमार की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.