देश में संभावित लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा बयान देते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ कहा है कि देश में लॉकडाउन लगाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह झूठी हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें गैर-जिम्मेदाराना हैं और इससे लोगों में बेवजह डर का माहौल बनता है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, ईरान-इजरायल संघर्ष के चलते वैश्विक स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसका असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है, खासकर एलपीजी आपूर्ति को लेकर चिंताएं जताई जा रही हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लगभग 60 दिनों का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े हर घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और आम नागरिकों के लिए पेट्रोल, डीजल, एलपीजी सहित सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सरकार के अनुसार, भारत इस समय 41 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, जिससे आपूर्ति की स्थिति मजबूत बनी हुई है। इसके अलावा तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप संचालकों के लिए क्रेडिट अवधि भी बढ़ा दी है, ताकि कहीं भी ईंधन की कमी न हो।
सरकार ने दोहराया कि देश में ‘नेशनल एनर्जी इमरजेंसी’ जैसी कोई स्थिति नहीं है और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रण में हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और सामान्य रूप से अपनी दिनचर्या जारी रखें।
