अमृतसर में बड़ी कार्रवाई, 9.066 किलो हेरोइन बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार, दो बड़े नशा गिरोह ध्वस्त
पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, सोशल मीडिया से चलता था नेटवर्क, पंजाब पुलिस बोली – नशा तस्करी खत्म करना हमारी प्राथमिकता
अमृतसर में क्रॉस-बॉर्डर नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.066 किलो हेरोइन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि जंडियाला गुरु का कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत उर्फ हैप्पी जट्ट इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड था। उसकी पाकिस्तान स्थित तस्करों से सीधी सांठगांठ थी। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए इस नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था और हेरोइन की तस्करी करवाता था।
इस मामले में अमृतसर के छहराटा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और क्रॉस-बॉर्डर लिंक का पता लगाने में जुटी हुई है।
पंजाब पुलिस ने साफ कहा है कि राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान तेज़ी से जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ड्रग माफिया और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि पंजाब के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
