‘लाडो लक्ष्मी योजना’ में बड़ा बदलाव महिलाओं को बनाएगा आर्थिक रूप से सशक्त : डॉ. विनोद स्वामी
हर तीन माह में ₹6300 की एकमुश्त किश्त, महिलाओं के स्वावलंबन को नई उड़ान
ऐलनाबाद/सिरसा (एम. पी. भार्गव)।हरियाणा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद स्वामी ने मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी द्वारा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किश्त जारी करने और इसके भुगतान पैटर्न में किए गए परिवर्तन को महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है।
डॉ. स्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं को न केवल दूसरी किश्त का लाभ दिया है, बल्कि अब किस्त को हर तीन माह में ₹6300 की एकमुश्त राशि के रूप में प्रदान किए जाने का जो निर्णय लिया है, वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि तीन माह बाद एकमुश्त मिलने वाली यह राशि महिलाओं को बड़े कामों में निवेश करने का अवसर देगी। इसके माध्यम से वे बच्चों की उच्च शिक्षा, छोटे व्यवसाय—जैसे सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, किराना या किसी अन्य कार्य—में धन का उपयोग कर आर्थिक रूप से आगे बढ़ सकती हैं।
डॉ. स्वामी के अनुसार सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला आर्थिक रूप से सक्षम हो सके और अपनी आवश्यकताओं के लिए स्वयं निर्णय ले। यह योजना महिलाओं में बचत और निवेश की आदत विकसित करने के साथ-साथ समाज में उनके सम्मान और अधिकारों को भी मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि यह कदम गरीब व मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगा। यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर महिलाओं के हित में कल्याणकारी योजनाएँ लागू कर उनके भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बना रही है।
