आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में बड़ा हादसा: वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ से 9 लोगों की मौत, 8 महिलाएं और एक बच्चा शामिल श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश)।
- रिपोर्टर मंजय वर्मा
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को श्रद्धालुओं से भरे वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मची भगदड़ ने बड़ा हादसा कर दिया। इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। हादसे के वक्त मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
कैसे हुआ हादसा
यह घटना कसीबुग्गा इलाके की है, जहां एक निजी व्यक्ति ने अपनी जमीन पर वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर बनवाया हुआ है। शनिवार को यहां विशेष पूजा का आयोजन किया गया था। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी थीं, लेकिन मंदिर में आने और जाने के लिए केवल एक ही संकरा रास्ता था।
जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान मंदिर की लोहे की ग्रिल टूट गई और लोग करीब सात फीट ऊंची सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े। इससे भगदड़ मच गई और कई लोग दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस को नहीं थी जानकारी
श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक केवी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि यह मंदिर पूरी तरह निजी जमीन पर बना है और मंदिर प्रबंधन ने इस आयोजन की सूचना प्रशासन या पुलिस को नहीं दी थी।
एसपी ने कहा, “अगर हमें पहले से जानकारी होती तो हम पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम कर सकते थे। जब तक सूचना मिली, तब तक हादसा हो चुका था।”
हजारों लोग थे मौजूद
पुलिस के मुताबिक, उस समय मंदिर परिसर में करीब 3,000 से 3,500 लोग मौजूद थे। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल इस पूजा में बड़ी भीड़ जुटती है, लेकिन इस बार भीड़ पर नियंत्रण के कोई इंतजाम नहीं थे। प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था ने इस धार्मिक आयोजन को एक बड़े हादसे में बदल दिया।
जांच के आदेश
राज्य सरकार ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
