बूढ़े बाबा मंदिर लोहा पट्टी पर नियुक्त महंत विजय गिरी बाबा को ग्रामवासियों ने प्रशासन की मौजूदगी में पद से हटाया

रामपुर। ग्राम लोहा पट्टी स्थित श्री श्री 1008 बूढ़े बाबा मंदिर परिसर में सोमवार, 14 अक्टूबर 2025 को एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भोले बाबा (कबीर मठ) में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर के महंत (सेवादार) विजय गिरी पुत्र पवन गिरी को पद से हटा दिया जाए।

ग्रामवासियों ने आरोप लगाया कि विजय गिरी पिछले कुछ महीनों से महंत पद पर रहते हुए अनुचित गतिविधियों में लिप्त थे। उन पर ग्रामवासियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, लोगों पर झूठे चोरी के आरोप लगाने, युवा पीढ़ी को नशे की लत लगाने, आश्रम परिसर में नशीले पदार्थों का लेनदेन करने और असामाजिक तत्वों को मंदिर परिसर में आने-जाने देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।

बैठक के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने अराजकता फैलाने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और शांति भंग की धाराओं में चालान किया।

घटनास्थल पर मिलक प्रशासन की मौजूदगी में यह कार्रवाई संपन्न हुई। इस दौरान उप जिलाधिकारी आनंद कुमार कनौजिया, क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह परिहार, कोतवाल धनंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में ग्रामवासियों की सहमति से विजय गिरी को उनके पद से हटा दिया गया।

ग्राम प्रधान, वरिष्ठ नागरिकों और समिति सदस्यों ने सामूहिक रूप से इस निर्णय का समर्थन किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रवक्ता बी.के. शर्मा, ग्राम प्रधान मोहम्मद यासीन, महेश चंद्र, हरिराम, रामप्रकाश, संकेत, मदनलाल, प्रेमपाल, ओमप्रकाश, सतीश कुमार, रमेश कुमार शर्मा, एवरन कुमार, अमित कुमार, जयवीर, राजीव कुमार, महेंद्र कुमार, अंकित, हीरालाल, भानु प्रताप, सतीश गंगवार, सुरेश पटेल (समिति अध्यक्ष) सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ग्रामवासियों ने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कदम मंदिर परिसर की पवित्रता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए आवश्यक था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.