लखनऊ: चकबंदी यूनियन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित विंट क्लब में चकबंदी यूनियन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह (55 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटनास्थल पर उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर बगल में पड़ा मिला है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ, एसीपी, भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक राजकुमार सिंह चकबंदी विभाग में बाबू के पद पर कार्यरत थे। वह निगोहा थाना क्षेत्र के करणपुर गांव के निवासी थे लेकिन वर्तमान में अपने परिवार के साथ लखनऊ में रह रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, उन्होंने हाल ही में पहली बार कार्यालय से दो-तीन दिन की छुट्टी लिखित में ली थी। राजकुमार सिंह पिछले चार-पांच वर्षों से लगातार चकबंदी यूनियन के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जा रहे थे और जिले में शासन-प्रशासन के साथ-साथ कई राजनेताओं से भी उनके अच्छे संबंध थे।
बताया जा रहा है कि राजकुमार सिंह ज्योतिष शास्त्र के भी जानकार थे और कई वरिष्ठ राजनेताओं व अधिकारियों के व्यक्तिगत सलाहकार रहे हैं।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मौत की वजह को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है और परिवार व सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है।
