Lions Club मुरादनगर और Boon Educational & Welfare Society ने किया वीर जवानों का सम्मान

मुरादनगर। Lions Club मुरादनगर और Boon Educational & Welfare Society द्वारा SRM ऑडिटोरियम में “एक शाम देश के वीरों के नाम – जांबाज, The Real Nation’s Hero” शीर्षक से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सुरक्षा में 24×7 तत्पर रहने वाले वर्तमान और सेवानिवृत्त सैनिकों, वीरगति को प्राप्त हुए जवानों तथा उनके परिजनों को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के उच्चारण और शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। तत्पश्चात राष्ट्रगान और राष्ट्रीय जयघोष के साथ वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों ने गणपति वंदना प्रस्तुत की और फिर वीर सैनिकों का सम्मान प्रारंभ हुआ।

आर्मी, एयरफोर्स, नेवी, CISF, BSF और CRPF सहित विभिन्न बलों के सैनिकों को अंगवस्त्र, माला और प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। उनके सीने पर तिरंगा बैज लगाया गया और तिलक से उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर लगभग 93 सैनिकों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 78 जवान समारोह में उपस्थित रहे। वीरगति को प्राप्त हुए जवानों का सम्मान उनके परिजनों ने ग्रहण किया।

समारोह में सांसद राजकुमार सागवान, पूर्व श्रम परिषद मंत्री सुनील भराला, मोदीनगर नगरपालिका चेयरमैन विनोद जाटव, समाजसेवी गोपाल अग्रवाल, डॉ. बी.पी. त्यागी, विनोद मिश्रा, ललित गोयल, नीरज शर्मा सहित Lions Club International District 321-C1 के गवर्नर विनय सिसोदिया, Ln रीना सिंह, Ln अनीता तोमर, Ln सोनिया त्यागी, Ln सीता शर्मा समेत कई गणमान्य अतिथि और समाजसेवी उपस्थित रहे।

SRM यूनिवर्सिटी प्रबंधन, 17 एनजीओ और सात मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने सभी को भावविभोर कर दिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में 16 सदस्यों की वर्किंग कमेटी और समाजसेवियों ने जी-जान से मेहनत की। अंत में सभी सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए देशप्रेम और कृतज्ञता की भावना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

👉 यह आयोजन क्षेत्र का पहला ऐसा प्रयास रहा जिसमें हमारे असली हीरो – भारतीय सैनिकों – को सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.