- रिपोर्ट: हरीशचंद्र कासगंज
कासगंज। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर ग्राम न्याय सहायता अभियान के तहत कासगंज जिले की कई ग्राम पंचायतों में लीगल एंड क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। बुधवार को तहसील सहावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत लक्ष्मी सुंदर सिंह, फिरोजपुर, लल्लूपुरा एवं बीनपुर कलां में इन विधिक क्लिनिकों की स्थापना की गई।
यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज द्वारा जनपद न्यायाधीश रामेश्वर की अनुमति से की गई है। तहसीलदार सहावर संदीप चौधरी ने ग्राम पंचायत फिरोजपुर सानी में लीगल एंड क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र पाल सिंह वैस तथा जनपद न्यायालय कासगंज के प्रधान सहायक वीरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत अधिकारी वेद प्रकाश, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र कश्यप, क्षेत्रीय लेखपाल विपिन कुमार, पंचायत सहायक कुमारी ज्योति सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम विजय कुमार तृतीय, तहसीलदार संदीप चौधरी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र पाल सिंह ने जनसामान्य को कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण विधिक जानकारी देकर जागरूक किया।
अधिवक्ताओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, नशा (ड्रग्स) के गंभीर दुष्परिणाम तथा पॉक्सो अधिनियम पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विधिक सहायता केंद्र की स्थापना के उद्देश्य एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, जिनके माध्यम से आम जनमानस कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम का संचालन जनपद न्यायालय कासगंज के प्रधान सहायक वीरपाल सिंह द्वारा किया गया।
