- रिपोर्ट – शाहबाज़ खान
रामपुर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या के विरोध में वकीलों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आक्रोशित अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए नेशनल हाईवे-24 को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने “पुलिस प्रशासन हाय-हाय”, “आरोपियों को फांसी दो” जैसे नारे लगाते हुए न्याय की मांग की।
बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को जिला पंचायत भवन के कार्यालय में अधिवक्ता को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में वकीलों ने जिला कलेक्ट्रेट से अंबेडकर पार्क तक पैदल मार्च किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिले के डीएम अजय कुमार द्विवेदी और एसपी विद्यासागर मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
khabre junction
