सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में लखीसराय एसपी अजय कुमार का संबोधन,पुलिस को जनता से मृदुल, अपराधियों से कठोर रहने की सीख
लखीसराय(सरफराज आलम)सिपाही प्रशिक्षण केंद्र, लखीसराय में आज आयोजित विशेष कक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने प्रशिक्षु सिपाहियों को ‘पुलिस का व्यवहार’ विषय पर सारगर्भित एवं प्रेरणादायक वक्तव्य दिया।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना है। इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को आम जनता के प्रति मृदुल, संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का सॉफ्ट कॉर्नर जनता के साथ होना चाहिए, ताकि लोग बिना झिझक पुलिस के पास अपनी समस्याएं लेकर आ सकें।
वहीं अपराधियों के प्रति एसपी ने कठोर, निर्णायक और कानूनन सख्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण तभी प्रभावी होगा जब पुलिस पेशेवर दक्षता और दृढ़ता के साथ काम करेगी।
उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों को अनुशासन, ईमानदारी, त्वरित प्रतिक्रिया, कानून की सही व्याख्या और लोगों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।
एसपी ने कहा कि “पुलिस की वर्दी शक्ति का नहीं, जिम्मेदारी का प्रतीक है—इसलिए व्यवहार वही होना चाहिए जो जनता में भरोसा पैदा करे।”
कार्यक्रम में प्रशिक्षक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु सिपाही उपस्थित रहे।
