लखीसराय को 4.35 करोड़ की सौगात, सड़क-नाला योजनाओं का शुभारंभ

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा बोले—जनसेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य

लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को नगर परिषद क्षेत्र में 4.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।

डिप्टी सीएम ने करीब 2.85 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि लगभग 1.50 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। उद्घाटन कार्यों में वार्ड संख्या-6 में नाला व सड़क निर्माण, मेन रोड पर जमुई मोड़ से लाल पहाड़ी मोड़ तक आरसीसी नाला, वार्ड-21 में पीसीसी सड़क व नाला तथा वार्ड-28 में एमडी पब्लिक स्कूल से कवैया थाना तक सड़क निर्माण शामिल है।

वहीं, शिलान्यास कार्यों में वार्ड-28 स्थित लखमोहन पोखर के सीढ़ी घाट निर्माण व सौंदर्यीकरण तथा वार्ड-16 व 17 के मनसिंघा पैन में जल निकासी के लिए आरसीसी नाला निर्माण प्रमुख है।

इससे पहले सूर्यगढ़ा के शारदा विद्यापीठ में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि आजीविका का साधन। उन्होंने कहा कि जो लोग राजनीति को कमाई का जरिया बनाते हैं, उनका पतन तय है।

लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित ‘जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, गौतम मंडल, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.