लखीसराय (सरफराज आलम)। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को सफल बनाने के उद्देश्य से लखीसराय नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस क्रम में नगर परिषद की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
रैली के दौरान “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” जैसे संदेशों वाले बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को साफ-सफाई के महत्व, प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान, स्वच्छ शौचालय के प्रयोग और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस जागरूकता अभियान में नगर परिषद लखीसराय के सभापति अरविंद पासवान, नगर कार्यपालक पदाधिकारी रमन कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी, सीएमएम राजीव कुमार, वार्ड पार्षद सुरेंद्र मंडल, स्वच्छता साथी सहित नगर परिषद कार्यालय के अन्य कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मौके पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी रमन कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें, ताकि लखीसराय शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को सभी को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए, तभी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन संभव हो सकेगा।
khabre junction
