मिठीसुरेरां में आईआईटी निर्माण की प्रस्तावना के लिए लढा ने जताया आभार, कहा, संस्थान की स्थापना से ऐलनाबाद भी राष्ट्रीय विकास में होगा शामिल

ऐलनाबाद 10 जून( एम, पी, भार्गव ) अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश सचिव अंजनी लढा ने ऐलनाबाद उपमंडल के गांव मिठीसुरेरां में आईआईटी बनाने के प्रस्ताव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी व गांव के सरपंच सत्यनारायण बशीर का आभार प्रकट करते हुए प्रस्ताव का स्वागत भी किया है। मंगलवार को जारी बयान में अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश सचिव अंजनी लढा ने कहा कि राजस्थान की सीमा से सटे व हरियाणा के अंतिम पायदान पर स्थित ऐलनाबाद में प्रस्तावित यह पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसके पूर्ण होने पर ऐलनाबाद भी देश के विकास में कदमताल करता नजर आएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान से सटे हरियाणा के इस उपमंडल में अभी तक कोई भी ऐसा उद्यम स्थापित नहीं किया गया जिसके माध्यम से यहां के युवा भी देश के विकास में अपना यथासंभव योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्थापित होने वाले इस एकमात्र आईआईटी संस्थान के लिए सभी राजनीतिक दलों को बगैर किसी वैर विरोध के व एकजुटता के साथ इस संस्थान की स्थापना के लिए तीव्रगति से प्रयास करना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.