- रिपोर्ट- विनोद मित्तल
फरीदाबाद। सेक्टर-37 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़ी संख्या में कामगार सड़कों पर उतर आए। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मदरसन कंपनी के हजारों कर्मचारियों ने सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी सैलरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब आसपास की अन्य कंपनियों के मजदूर भी काम छोड़कर सड़कों पर आ गए और प्रदर्शन में शामिल हो गए। इससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में कंपनी प्रबंधन और श्रम विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। मजदूर अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और जल्द से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
वहीं, प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
