ऐलनाबाद/सिरसा, 6 मार्च (विशेष संवाददाता)। Kumari Selja ने पंचायत भवन में आयोजित ‘दिशा’ बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और सिविल अस्पताल के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट को डंपिंग प्वाइंट बनाए जाने पर अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि ग्रीन बेल्ट में कचरा डालना ही है तो पंचायत भवन के पार्क को ही डंपिंग प्वाइंट बना लिया जाए।
सांसद ने कहा कि ग्रीन बेल्ट का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और हराभरा बनाना होता है, लेकिन उसे कचरा फेंकने की जगह बना देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को तुरंत वहां से कचरा हटाकर ग्रीन बेल्ट को दोबारा विकसित करने के निर्देश दिए।
शहर की सफाई और सीवरेज समस्या पर जताई चिंता
बैठक में शहर के कई इलाकों में गंदगी और सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों से पूछा कि बार-बार सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात क्यों नहीं सुधर रहे। उन्होंने सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार और सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
रेलवे परियोजनाओं की धीमी गति पर उठाए सवाल
बैठक में शहर में चल रही रेलवे परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर भी सवाल उठाए गए। निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के काम की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि पिछले तीन महीनों में केवल 10 प्रतिशत कार्य हुआ है और कुल कार्य अभी लगभग 50 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कार्य योजना प्रस्तुत करने और काम की गति बढ़ाने को कहा।
इसके अलावा कोर्ट रोड पर बन रहे रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी-144) के कारण यातायात प्रभावित होने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पेयजल लाइन के बाद अब लंबित सीवरेज लाइन का काम जल्द पूरा किया जाए ताकि परियोजना समय पर समाप्त हो सके। चत्तरगढ़पट्टी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान शहरवासियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
नहरी पानी, पेयजल गुणवत्ता और शिक्षा संसाधनों पर चर्चा
बैठक में किसानों को पर्याप्त नहरी पानी न मिलने की शिकायतों पर भी चर्चा हुई। खासकर टेल पर स्थित गांवों—चौटाला, रानियां, चौपटा और ऐलनाबाद—में पानी की कमी का मुद्दा उठाया गया। सांसद ने सिंचाई विभाग को पिछले चार सप्ताह की पानी आपूर्ति का पूरा विवरण प्रस्तुत करने और टेल तक पानी पहुंचाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।
पब्लिक हेल्थ विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए पेयजल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। कई क्षेत्रों में पानी का टीडीएस स्तर अधिक होने की शिकायतों पर विभाग से पिछले तीन महीनों की जांच रिपोर्ट मांगी गई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाने को कहा गया।
शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी गई कि जिले के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक के 54 और कंप्यूटर लैब असिस्टेंट के 75 पद खाली हैं। सांसद ने शिक्षा विभाग को इन पदों को शीघ्र भरने और छात्रों को बेहतर कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए।
हाईवे के एक्सईएन को भी लगाई फटकार
बैठक के दौरान सांसद ने नेशनल हाईवे के एक्सईएन सुनील कुमार को भी नालों की सफाई न होने के मुद्दे पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे बरसाती पानी की निकासी के लिए बने नालों की सफाई नहीं हो रही और कई जगह स्लैब टूटे हुए हैं। उन्होंने तुरंत सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
साथ ही फतेहाबाद और सिरसा के एंट्री प्वाइंट पर गेट निर्माण, हाईवे पर खराब पड़ी लाइटों की मरम्मत तथा वार्ड-20 में स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
khabre junction
