हरियाणा, ऐलनाबाद, 1 फरवरी (डॉ एम पी भार्गव) – सिरसा की सांसद और कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा कि बजट में न तो कोई नई सोच दिखाई देती है और न ही आम लोगों की समस्याओं का ठोस समाधान प्रस्तुत किया गया।
सैलजा ने कहा कि सरकार ने पुराने प्रावधानों को नए शब्दों में पेश कर केवल आंकड़ों की बाजीगरी की है। बेरोज़गारी, महंगाई, किसानों की आय, मध्यम वर्ग को राहत, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और गरीब वर्ग के जीवन स्तर में सुधार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार कोई ठोस घोषणा करने में असफल रही। इस बजट ने समाज के हर वर्ग – किसान, कर्मचारी, व्यापारी, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग – सभी को निराश किया है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से हरियाणा को इस बजट में कोई बड़ा प्रोजेक्ट, विशेष पैकेज या विकास योजना नहीं दी गई, जबकि राज्य औद्योगिक, कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है। यह स्पष्ट भेदभाव दर्शाता है।
सैलजा ने यह भी कहा कि सरकार बड़े जोर-शोर से घोषणाएँ करती है, लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रहती है। उन्होंने वर्ष 2015 की स्मार्ट सिटी योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि 2025 तक वह अधूरी ही रह गई और कोई भी शहर वास्तविक रूप से स्मार्ट नहीं बन सका। अब शहरों के विकास के लिए नई योजना आई है, पर यह स्पष्ट नहीं कि इससे ठोस और वास्तविक विकास होगा।
अंत में कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनविरोधी बजट का विरोध करेगी और संसद से लेकर सड़कों तक जनता की आवाज़ उठाएगी।
khabre junction
