कासगंज: माघी पूर्णिमा पर मां गंगा में लगाई लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी, पूजा-अर्चना का रहा भव्य आयोजन
- रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र
कासगंज। सनातन परंपरा में माघ मास को भगवान श्री विष्णु की पूजा के लिए अत्यधिक शुभ माना जाता है। हिंदू मान्यता के अनुसार, माघ मास में किया जाने वाला स्नान, दान और पूजा विशेष पुण्यदायी होता है, खासकर जब यह पर्णिमा तिथि पर पड़ती है, जिसे माघी पूर्णिमा कहा जाता है। इस दिन पूजा, जप और तप करने से पूरे मास का पुण्य प्राप्त होता है।
माघी पूर्णिमा पर कासगंज जनपद के कछला घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने मां गंगा में डुबकी लगाई, पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरण में भाग लिया। इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे।
रविवार को माघी पूर्णिमा के अवसर पर लहरा घाट पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को तेल, गुड़, कंबल व अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। घाट पर आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए गोताखोर और पुलिस बल तैनात किए गए थे।
इस भव्य आयोजन ने माघ मास की धार्मिक महत्ता को उजागर किया और श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर अपने आत्मिक और धार्मिक कर्तव्यों का पालन किया।
khabre junction
