Karwa Chauth 2025: पति की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा करवा चौथ का व्रत, चांद के बाद किया पति का दीदार
नोएडा। करवाचौथ पर सुहागिनों ने व्रत रखकर पति के दीर्घायु व सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा कर उनसे आशीर्वाद मांगा। महिलाओं ने कई जगहों पर सामूहिक रूप से भी पूजा अर्चना की।
करवाचौथ पर सुहागिन महिलाओं ने पूरा दिन साज-सज्जा, पूजन की तैयारियों में व्यतीत किया। शाम को श्रृंगार कर सुहागिन महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देने के साथ छलनी से पति का दीदार कर व्रत तोड़ा।
पत्रकार कपिल सिंह राजपुत- पत्नि और मां के साथ
करवा चौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह भी देखने को मिला। सुहागन महिलाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले व्रत में से एक करवा चौथ का व्रत है। करवा चौथ के अवसर पर 10 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह से ही विवाहित महिलाएं इस पर्व की तैयारी में लग गई थीं।
दिनभर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा और शाम होने के बाद महिलाएं श्रृंगार कर चांद के निकलने का इंतजार करती रही। महिलाएं चांद निकलने से पहले ही पूजन सामग्री के साथ छतों और आंगन में पहुंच गईं थी। चंद्रमा के दर्शन होते ही पूजन-अर्चन शुरू किया।
महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देने के साथ ही सुहाग की सलामती व सुख समृद्धि की कामना की और अपने पति का चेहरा छलनी में देखकर व्रत पूर्ण किया। इसके बाद व्रत रखने वाली महिलाओं ने सभी बड़ों का आशीर्वाद भी लिया।

नोएडा में पत्रकार स्निग्धा श्रीवास्तव ने बताया कि आज के दिन विवाहित महिलाओं को उनकी सासों ने सुबह सुहाग का सामान व खाने के लिए मिठाई दी। महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं। रात के समय चंद्रमा को देखकर उसे अर्घ्य देती हैं। इसके बाद पति को देखती हैं।
पति द्वारा पानी पिलाकर ही उपवास तोड़ाया जाता है। इस मौके पर पत्नी को उपहार भी प्रदान किया जाता है। जिसके बाद महिलाएं अपनी सास या घर के अन्य बुजुर्गों को उपहार प्रदान कर उनका आशीर्वाद लेती हैं।
