कानपुर ब्रेकिंग: हार्डकोर क्रिमिनल्स धर्मेंद्र, महेंद्र और देवेंद्र सिंह पर शिकंजा, दो दर्जन से ज्यादा मुकदमों में आरोपी, अब पुलिस कमिश्नरेट की जांच के दायरे में
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के पकरी गांव के रहने वाले कुख्यात अपराधी धर्मेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह समेत इनके रिश्तेदारों पर पुलिस कमिश्नरेट की नजर गड़ चुकी है। इन पर हत्या, लूट, किडनैपिंग, फ्रॉड और लोकसेवक पर हमला जैसे गंभीर अपराधों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। ग्रामीण इलाके में रहने के कारण अब तक पुलिस की पकड़ से बचते रहे ये अपराधी अब जांच के घेरे में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन आरोपियों ने सरकारी और मंदिर की जमीनों पर कब्जा कर करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई। इतना ही नहीं, कई बार पुलिसकर्मियों और लेखपालों से भी मारपीट कर चुके हैं। अपराध की लंबी फेहरिस्त में से कुछ मामलों में सजा भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अपराध करना बंद नहीं किया।
हाल ही में थाना काकादेव में जांच के बाद इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के आदेश पर दर्ज हुआ यह मुकदमा “ऑपरेशन महाकाल” के तहत कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीनों भाई मिलकर गैंग बनाते हैं और फर्जी मुकदमे लिखवाकर दबाव बनाते हैं, फिर जबरन जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा लेते हैं। इस गैंग ने अपराध से सैकड़ों करोड़ की संपत्ति खड़ी की है।
हालांकि, स्थानीय पुलिस की ढिलाई के चलते अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वादी पक्ष में दहशत का माहौल बना हुआ है कि कहीं आरोपी अपने रसूख के दम पर फिर से बच न जाएं।
अब देखने वाली बात होगी कि क्या पुलिस “ऑपरेशन महाकाल” की तर्ज पर इन हार्डकोर अपराधियों पर नकेल कस पाएगी या फिर ये एक बार फिर कानून के शिकंजे से बच निकलेंगे।
यह मामला कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
