- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
औरंगाबाद। वरिष्ठ पत्रकार, संपादक एवं उद्यमी कमल किशोर को प्रतिष्ठित संस्था बिजनेस इन बिहार की ओर से भारत विजनरी लीडर अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पटना स्थित संगरी-ला पैलेस में रविवार रात आयोजित भव्य समारोह में प्रख्यात फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी द्वारा प्रदान किया गया।
कमल किशोर को यह सम्मान बिहार में उद्यम और व्यापार को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने तथा मीडिया के क्षेत्र में विशिष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह, जीएसटी के संयुक्त कर आयुक्त समीर परिमल सहित कई उद्यमी, चिकित्सक, शिक्षाविद, पर्यावरणविद् एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कमल किशोर पिछले 35 वर्षों से दैनिक समाचार पत्रों के प्रकाशन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने नक्सल प्रभावित और कभी उद्योगविहीन रहे औरंगाबाद जिले में अपने प्रकाशन समूह के माध्यम से सैकड़ों युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया। सकारात्मक और रचनात्मक पत्रकारिता के जरिए उन्होंने औरंगाबाद जैसे पिछड़े जिले के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी कमल किशोर का योगदान उल्लेखनीय रहा है। हाल ही में उन्हें बिहार विधानसभा की प्रेस सलाहकार समिति का स्थायी सदस्य भी मनोनीत किया गया है, जो उनके कार्यों की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद कमल किशोर ने अपने शुभचिंतकों, परिजनों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे औरंगाबाद जिले का सम्मान है। इससे मीडिया, उद्योग और व्यवसाय जगत में राज्य की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे लोगों को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही उन्होंने बिजनेस इन बिहार संस्था द्वारा राज्य के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किए जाने की पहल की सराहना की।
khabre junction
