जनपद रामपुर की लोक अदालत में नहीं मिला कलवा को न्याय

श्रीराम फाइनेंस कंपनी पर जबरन लोन थोपने का आरोप, कलवा ने रो-रोकर लगाई न्याय की गुहार

रामपुर, 10 मई: जनपद रामपुर की लोक अदालत में एक गरीब व्यक्ति कलवा को न्याय नहीं मिला। कलवा ने श्रीराम फाइनेंस कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी ने जबरन कई बार कॉल कर उन्हें लोन लेने को मजबूर किया।

कलवा ने मीडिया को बताया कि उन्होंने सिर्फ ₹45,000 का लोन लिया था, लेकिन अब तक ₹90,000 चुका चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें ₹57,000 का एक नया नोटिस लोक अदालत के माध्यम से भेजा गया है।

खास बात यह है कि कलवा हार्ट अटैक के मरीज हैं और इस समय उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कलवा ने बताया कि शुरुआत में कंपनी ने उनसे कहा था कि ₹45,000 का लोन लेने पर कुल ₹60,000 चुकाना होगा, लेकिन बाद में यह शर्त पूरी तरह बदल गई और अब उन पर दबाव बनाया जा रहा है।

कलवा ने रोते हुए मीडिया से बताया, “मैं गरीब आदमी हूं, मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं। साहब, मैं लोक अदालत में न्याय के लिए आया था, लेकिन यहां मेरे साथ उल्टा अन्याय हुआ है।” उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के समय उन्होंने पहली बार लोन लिया था, लेकिन बाद में श्रीराम फाइनेंस कंपनी ने जबरन उन्हें दोबारा लोन दे दिया।

अब यह देखना अहम होगा कि श्रीराम फाइनेंस कंपनी के उच्च अधिकारी इस पूरे मामले पर क्या संज्ञान लेते हैं और क्या रामपुर की लोक अदालत कलवा को न्याय दिला पाएगी या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.