₹1 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था को गति देगा जेवर एयरपोर्ट, मुरादाबाद मंडल के ओडीओपी और पर्यटन को मिलेगी ‘ग्लोबल’ उड़ान
रामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) अब मुरादाबाद मंडल के लिए आर्थिक विकास का नया इंजन बनकर उभर रहा है। 1.2 करोड़ वार्षिक यात्री क्षमता और 2.5 लाख टन कार्गो क्षमता वाला यह अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट क्षेत्र को ‘लोकल से ग्लोबल’ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
एयरपोर्ट के शुरू होने से मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल जिलों के ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी। दिल्ली के जाम से मुक्ति और विदेशी खरीदारों की आसान पहुंच से व्यापार, पर्यटन, कृषि और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
मुरादाबाद: पीतल उद्योग को नई उड़ान
मुरादाबाद के पीतल और हस्तशिल्प उद्योग को एयरपोर्ट से सीधा लाभ मिलेगा। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (DIC) के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार के अनुसार, इंटरनेशनल कनेक्टिविटी बढ़ने से निर्यात में तेजी आएगी और समय की बचत होगी। निर्यातकों का कहना है कि अब दिल्ली के जाम से राहत मिलेगी और सप्लाई चेन अधिक सुगम हो जाएगी।
बिजनौर: काष्ठ कला और ब्रश उद्योग को मिलेगा वैश्विक मंच
नगीना की काष्ठ कला, जिसे जीआई टैग मिल चुका है, अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में और मजबूती से पहुंचेगी। जिले में हजारों कारीगर इस उद्योग से जुड़े हैं और करोड़ों का वार्षिक कारोबार होता है। जेवर एयरपोर्ट की कार्गो सुविधा से इस उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
रामपुर, अमरोहा और संभल: पारंपरिक उत्पादों को मिलेगा नया बाजार
रामपुर का जरी वर्क, अमरोहा की ढोलक और संभल का हॉर्न-बोन हस्तशिल्प अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करेंगे। रामपुर के जीएम डीआईसी अनुराग यादव के अनुसार, एयरपोर्ट से कारीगरों को सीधे निर्यात का अवसर मिलेगा। अमरोहा और संभल के अधिकारियों ने भी इसे स्थानीय उद्योगों के लिए ‘गेमचेंजर’ बताया।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
एयरपोर्ट से क्षेत्र में पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। विदेशी और घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ने से टूरिज्म सर्किट और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, लॉजिस्टिक्स हब और वेयरहाउस के विकास से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विदेशी बायर्स की राह होगी आसान
अब विदेशी खरीदारों को दिल्ली के ट्रैफिक से जूझना नहीं पड़ेगा। जेवर एयरपोर्ट से एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे मुरादाबाद मंडल तक पहुंच आसान होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
किसानों के लिए भी वरदान
एयरपोर्ट के माध्यम से कृषि उत्पादों का निर्यात भी आसान होगा। किसान अब अपने उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेज सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
कुल मिलाकर, जेवर एयरपोर्ट मुरादाबाद मंडल के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित होगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
