ऐलनाबाद, 24 अगस्त : ( एम पी भार्गव )इनेलो प्रदेश कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा घोषित प्रदेश युवा इकाई की कार्यकारिणी में पूर्व जिला परिषद सदस्य जरनैल सिंह चंदी को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि सिरसा इनेलो का गृह जिला है और इनेलो द्वारा गृह जिले में किसी युवा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले चंदी पिछली चौटाला सरकार के कार्यकाल में वीडीसी कमेटी के सदस्य रह चुके है। 2010 से 2015 तक वे रानियां हलके के उपाध्यक्ष रहे और 2017 से लेकर 2019 तक रानियां हल्का के युवा प्रधान भी रहे। जिला पार्षद बनने के बाद उन्होंने रानियां शहर सहित घग्घर बैल्ट के गांवों के लिए पेयजल के सेंपल जनस्वास्थ्य विभाग की लैब से चेक करवाए, सेंपल फेल पाए जाने पर नहरी पेयजल की सरकार के सामने लंबी लड़ाई लड़ी ओर सरकार ने रानियां शहर के लिए पेयजल की नहरी पानी की मांग मानी। अपनी नियुक्ति पर जरनैल सिंह चंदी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी है, वह उसे हमेशा की तरह इस बार भी पूरे तन-मन से निभाएंगे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला, युवा इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह चौटाला और रानियां के विधायक अर्जुन सिंह चौटाला का धन्यवाद किया है।
