रामपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दर्शन के दौरान पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े अनेक मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने दूरभाष के माध्यम से अधिकारियों से सीधे वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित किया जाए।
बीमार बच्चों को मिला उपचार का सहारा
पूर्व में आयोजित जनता दर्शन के दौरान तहसील स्वार निवासी भाईजान और बरेली गेट निवासी लगभग 12 वर्षीय आतिफ हुसैन, जो गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए थे। उन्होंने उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता बताई थी।
जिलाधिकारी ने दोनों बच्चों का हालचाल पूछा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने हाथों से उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इससे उनके उपचार का मार्ग प्रशस्त हुआ। परिजनों ने इस सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि जनपद में सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की भावना को और मजबूत किया जा सके।
khabre junction
