जम्मू-कश्मीर के आतंकी हमले की जनसेवा समिति ने की कड़ी निंदा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
रामपुर में आयोजित बैठक में उठी दोषियों को फांसी देने की मांग
रामपुर: जनसेवा समिति की एक अहम बैठक सिटी पोस्ट ऑफिस पान दरीबा स्थित कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति के प्रदेश अध्यक्ष वसीम उल हसन खान ने की। बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई। वसीम उल हसन खान ने कहा कि यह हमला न केवल निर्दोष नागरिकों पर हुआ है, बल्कि यह पूरे हिंदुस्तान के दिलों पर गहरा जख्म है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शहीदों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ जताई संवेदना
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस हमले में 28 लोग शहीद हुए हैं, जिन्हें जनसेवा समिति की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई। उन्होंने कहा कि यह हमला इंसानियत के खिलाफ है और इसका कोई धर्म नहीं होता। आतंकवादी सिर्फ आतंक फैलाना जानते हैं, इसलिए इसे किसी धर्म से जोड़ना गलत है।
भारत सरकार से उच्च स्तरीय जांच और फांसी की मांग
वसीम उल हसन खान ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस हमले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसे कृत्य दोहराए न जा सकें।
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस बैठक में नगर अध्यक्ष हारिस शम्सी, महिला अध्यक्ष शमनाज बी, अंजुम आरा, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, हरमीत सिंह, वसी खान, नजमी खा, शीबू खान, सिराज शमसी, अब्दुल समद, मुकर्रम मियां, मुजम्मिल खान, विपुल गुप्ता, सनी अग्रवाल, दानिश खान समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
